जिउतिया की चील-सियार की कथा - Jitiya vrat katha




मिथिलांचन सहित कई इलाकों में प्रचलित इस कथा के अनुसार एक समय एक वन में सेमर के पेड़ पर एक चील रहती थी। पास में वहीं झाड़ी में एक सियारिन भी रहती थी। दोनों में खूब दोस्ती थी। चील जो कुछ भी खाने को लेकर आती उसमें से सियारिन के लिए जरूर हिस्सा रखती। सियारिन भी चिल्हो का ऐसा ही ध्यान रखती।


एक बार की बात है। वन के पास एक गांव में औरतें जिउतिया के पूजा की तैयारी कर रही थी। चिल्हो ने उसे बड़े ध्यान से देखा और इस बारे में अपनी सखी सियारिन को बताई। दोनों ने इसके बाद जिउतिया का व्रत रखा। दोनों दिनभर भूखे-प्यासे रहे मंगल कामना करते हुए व्रत किया लेकिन रात में सियारिन को तेज भूख-प्यास सताने लगी।




सियारिन को जब बर्दाश्त नहीं हुआ तो जंगल में जाकर उसने मांस और हड्डी पेट भरकर खाया। चिल्हो ने हड्डी चबाने की आवाज सुनी तो इस बारे में पूछा। सियारिन ने सारी बात बता दी। चिल्हो ने इस पर सियारिन को खूब डांटा और कहा कि जब व्रत नहीं हो सकता था तो संकल्प क्यों लिया था! सियारिन का व्रत भंग हो गया लेकिन चिल्हो ने भूखे-प्यासे रहकर व्रत पूरा किया।


कथा के अनुसार अगले जन्म में दोनों मनुष्य रूप में राजकुमारी बनकर सगी बहनें हुईं। सियारिन बड़ी बहन हुई और उसकी शादी एक राजकुमार से हुई। वहीं, चिल्हो छोटी बहन हुई उसकी शादी उसी राज्य के मंत्रीपुत्र से हुई। बाद में दोनों राजा और मंत्री बने। सियारिन रानी के जो भी बच्चे होते वे मर जाते जबकि चिल्हो के बच्चे स्वस्थ और हट्टे-कट्टे रहते। इससे उसे जलन होती।


ईर्ष्या के कारण सियारिन रानी बार बार उसने अपनी बहन के बच्चों और उसके पति को मारने का प्रयास करने लगी लेकिन सफल नहीं हो सकी। बाद में उसे अपनी भूल का अहसास हुआ और उसने क्षमा मांगी। बहन के बताने पर उसने फिर से जिउतिया व्रत किया तो उसके भी पुत्र जीवित रहे।


 2019: 'जीमूतवाहन' की कथा


यह कथा संक्षेप में में इस प्रकार है। गन्धर्वों के एक राजकुमार थे जिनका नाम 'जीमूतवाहन' था। वह बहुत उदार और परोपकारी थे। बहुत कम उम्र में उन्हें सत्ता मिल गई थी लेकिन उन्हें वह मंजूर नहीं था। इनका मन राज-पाट में नहीं लगता था। ऐसे में वे राज्य छोड़ अपने पिता की सेवा के लिए वन में चले गये। वहीं उनका मलयवती नाम की एक राजकन्या से विवाह हुआ।


एक दिन जब वन में भ्रमण करते हुए जीमूतवाहन ने वृद्ध महिला को विलाप करते हुए देखा। उनसे रहा नहीं गया और उन्होंने वृद्धा से उसके दुख का कारण पूछा। इस पर वृद्धा ने बताया, 'मैं नागवंश की स्त्री हूं और मेरा एक ही पुत्र है। पक्षीराज गरुड़ के सामने प्रतिदिन खाने के लिए एक नाग सौंपने की प्रतिज्ञा हुई है, जिसके अनुसार आज मेरे ही पुत्र 'शंखचूड़' को भेजने का दिन है। आप बताएं मेरा इकलौता पुत्र बलि पर चढ़ गया तो मैं किसके सहारे अपना जीवन व्यतीत करूंगी। यह सुनकर जीमूतवाहन का दिल पसीज उठा। उन्होंने कहा कि वे उनके पुत्र के प्राणों की रक्षा करेंगे।



जीमूतवाहन ने कहा कि वे उस स्त्री के पुत्र के बदले खुद अपने आपको लाल कपड़े में ढककर वध-शिला पर लेट जाएंगे। जीमूतवाहन ने ऐसा ही किया। ठीक समय पर पक्षीराज गरुड़ पहुंच गए और वे लाल कपड़े में ढके जीमूतवाहन को अपने पंजे में दबोचकर पहाड़ के शिखर पर जाकर बैठ गए।


गरुड़जी यह देखकर आश्चर्य में पड़ गये कि उन्होंने जिन्हें अपने चंगुल में गिरफ्तार किया है उसके आंख से आंसू और मुंह से आह तक नहीं निकल रहा है। ऐसा पहली बार हुआ था। आखिरकार गरुड़जीने जीमूतवाहन से उनका परिचय पूछा। पूछने पर जीमूतवाहन ने उस वृद्धा स्त्री से हुई अपनी सारी बातों को बताया। पक्षीराज गरुड़ हैरान हो गए। उन्हें इस बात का विश्वास ही नहीं हो रहा था कि कोई किसी की मदद के लिए ऐसी कुर्बानी भी दे सकता है।


गरुड़जी इस बहादुरी को देख काफी प्रसन्न हुए और जीमूतवाहन को जीवनदान दे दिया। साथ ही उन्होंने भविष्य में नागों की बलि न लेने की भी बात कही। इस प्रकार एक मां के पुत्र की रक्षा हुई। मान्यता है कि तब से ही पुत्र की सुरक्षा हेतु जीमूतवाहन की पूजा की जाती है।


Keywords: Jivitputrika Vrat, Jimutvahan Katha, Jitiya,  Save Son's Life, Hindu , 

Comments